रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली नैय्या नाले में आए उफान से महराजगंज क्षेत्र के कई तटीय गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जलभराव के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और लोगों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सोमवार को पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
पूर्व विधायक ने मोन गांव के जियापुर, लालगंज, कोड़रीगंज समेत अन्य प्रभावित बस्तियों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री, दवाइयों की किट तथा अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।रामलाल अकेला ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सभी को मिलकर जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज करने की मांग की।इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने राहत कार्य में सक्रिय सहयोग किया। दौरे में मोन गांव के पूर्व प्रधान माताफेर सिंह, जनई प्रधान बिल्ला सिंह, राम लखन यादव, राम केवल, बिंदू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने राहत सामग्री मिलने पर पूर्व विधायक का आभार व्यक्त किया।
