रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र में फोर्स भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के दीना का पुरवा गांव निवासी 20 वर्षीय शिव मौर्य पुत्र शिवप्रसाद रोजाना की तरह सोमवार सुबह दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। दौड़ पूरी करने के बाद वह प्रेम सिंह की पुलिया के पास सड़क किनारे पुशअप लगा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक होने पर उसे एम्स भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि शिव मौर्य फोर्स भर्ती की तैयारी में जुटा था और प्रतिदिन सुबह दौड़ व शारीरिक अभ्यास करता था।
उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
