गांव का रास्ता बना तालाब, जनजीवन प्रभावित।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। तहसील क्षेत्र के कोनी मजरे कमालपुर आवांडीह गांव में मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए लंबे समय से परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर पानी भरे रहने के कारण गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों को उसे चारपाई पर लादकर पानी और कीचड़ से भरे रास्ते से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश के बाद भी रास्ते पर पानी जमा हो जाता है, जबकि लगातार बारिश होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते, जिससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में गांव के एक बीमार व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों ने मरीज को चारपाई पर लादकर जलभराव वाले रास्ते से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इस दौरान लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जलभराव के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बच्चों को रोजाना पानी और कीचड़ से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भी आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव का तत्काल निरीक्षण कर जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था कराई जाए तथा मुख्य रास्ते को ऊंचा और पक्का बनाकर आवागमन सुचारु किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिल सके।

इस मौके पर महेश कुमार, नंदकिशोर, सुखराम, फूलचंद, रामकुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

Related posts