धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गढ़ीखास गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण, धमकी देने और मामले में समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता छविनाथ लोध ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और बेटी का दोबारा मेडिकल कराने की मांग की है।पीड़ित के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे उसकी नाबालिग बेटी बड़ी बहन के साथ शौच के लिए गई थी।
आरोप है कि इसी दौरान अमन पासी और नीरज पासी वहां पहुंचे और बेटी को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पिता का आरोप है कि शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज हुआ और बेटी के थाने पहुंचने की जानकारी मिली।
इसके बाद कुछ लोगों ने एक लाख रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बनाया तथा सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप है। ग्राम प्रधान लक्ष्मीकांत समेत कुछ लोगों पर फोन के जरिए धमकी देने और मामला दबाने का दबाव बनाने की भी शिकायत की गई है।
पीड़ित ने बेटी के मेडिकल को लेकर भी सवाल उठाते हुए पुनः मेडिकल कराने की मांग की है। उसका कहना है कि बेटी भयभीत होने के कारण मेडिकल के दौरान सही स्थिति नहीं बता सकी। पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
