समीर के सिर पर फावड़े से कई वार, बचाने पहुंचे भाई आरिफ के हाथ में गंभीर चोट।
एसपी से गुहार—निष्पक्ष जांच, गंभीर धाराएं बढ़ाने और परिवार की सुरक्षा की मांग।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज थाना क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में जमीन पर मकान निर्माण को लेकर विवाद के बाद दो भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने विपक्षी पक्ष के कई लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।गांव निवासी मो. समीम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 24 सितंबर की शाम करीब छह बजे उनका पुत्र समीर अहमद अपनी बैनामाशुदा जमीन पर मकान निर्माण के दौरान छत डलवा रहा था।
इसी दौरान कुछ लोगों ने निर्माण कार्य रोकने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया।आरोप है कि पुलिस के वहां से जाने के बाद विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर समीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने फावड़ा, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया तथा समीर के सिर पर फावड़े से कई वार किए,
जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।भाई को बचाने पहुंचे मो. आरिफ पर भी हमला किए जाने का आरोप है। वार रोकने के प्रयास में आरिफ के हाथ में गंभीर चोट आई। परिजनों के अनुसार, हालत गंभीर होने पर लखनऊ के निजी अस्पताल में उसके हाथ का ऑपरेशन कर प्लेट डाली गई,
जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए।पीड़ित परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच, मुकदमे में जानलेवा हमले से संबंधित गंभीर धाराएं बढ़ाने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
