धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। मुंशीगंज स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मंगलवार शाम ‘रास ए गरबा’ कार्यक्रम की धूम रही। एम्स स्टूडेंट यूनियन की ओर से संस्थान परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ रात 8:30 बजे आरती और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट के बीच गरबा की धुनों पर विद्यार्थी देर रात तक थिरकते रहे।समारोह में एम्स की निदेशक डॉ. अमिता जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. उमेश गुप्ता, डॉ. सुनीता सिंह, अपर निदेशक कर्नल अखिलेश सिंह, डॉ. अभय सिंह सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ सामूहिक नृत्य कर उनका उत्साह बढ़ाया।
अतिथियों ने आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में स्टूडेंट यूनियन के प्रतिनिधियों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
