लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अचानक सामने आए ऑटो से हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावां, रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के चुरुवा चौकी के निकट गुरुवार शाम लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ऑटो रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर गुरुवार को शाम करीब पांच बजे एक ऑटो रिक्शा हाईवे के किनारे स्थित संपर्क मार्ग से अचानक मुख्य मार्ग पर आ गया। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ऑटो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार अर्जुन सिंह पुत्र हरिशंकर निवासी कस्बा बछरावां गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और ऑटो में सवार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अधेड़ को निजी वाहन से सीएचसी बछरावां पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
