जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही थी एंबुलेंस, पहले से रखा था एक मृत व्यक्ति का शव; सुबेहा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़, बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सुबेहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 53.3 पर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एक एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में पहले से ही एक मृत व्यक्ति का शव रखा हुआ था, जिसे लेकर एंबुलेंस पश्चिम बंगाल जा रही थी।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। एंबुलेंस जयपुर से एक व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुबेहा थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 53.3 के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रही पिकअप में पीछे से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की जान चली गई।
हादसे में मृतकों की पहचान राजस्थान और पश्चिम बंगाल के निवासियों के रूप में हुई है। मृतकों में राजस्थान के जयपुर स्थित जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान (62), अलवर के पीपलखेर निवासी हरिओम योगी (33) तथा पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मोतीवाला निवासी अमीनुल हक (32), रफीक (50) और आलम शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
इस हादसे की सबसे दुखद पहलू यह है कि एंबुलेंस पहले से ही एक व्यक्ति का शव लेकर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही थी, लेकिन रास्ते में हुए भीषण हादसे ने पांच और जिंदगियां छीन लीं। एक शव को उसके गंतव्य तक पहुंचाने निकले लोगों का सफर खुद मौत के साथ समाप्त हो गया।
