रिपोर्ट कुलदीप शर्मा (के.के.)
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़। तहसील हैदरगढ़ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय में एक अतिरिक्त पटल बढ़ाए जाने की मांग उठाई गई। जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सैकड़ों की संख्या में फरियादी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
अधिकारियों द्वारा कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
इसी क्रम में तहसील हैदरगढ़ स्थित रजिस्ट्री कार्यालय की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जमीन की खरीद-फरोख्त एवं रजिस्ट्री कराने के लिए आते हैं। लेकिन रजिस्ट्री संपादन के लिए मात्र एक ही पटल संचालित होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भीड़ अधिक होने के चलते कई लोगों को बिना रजिस्ट्री कराए ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है और अगले दिन पुनः कार्यालय आना पड़ता है।
इस समस्या से आम जनता के साथ-साथ अधिवक्ताओं को भी रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के संपादन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ के ऊर्जावान अध्यक्ष संजय सिंह ने जिलाधिकारी महोदय से वार्ता कर उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। साथ ही पत्र के माध्यम से समस्या को विस्तारपूर्वक रखते हुए रजिस्ट्री कार्यालय हैदरगढ़ में एक अतिरिक्त पटल बढ़ाए जाने की मांग की।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ने कहा कि अतिरिक्त पटल की व्यवस्था होने से रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी तथा उनके कार्यों का समय से निस्तारण हो सकेगा। इससे आम जनता और अधिवक्ताओं दोनों को सुविधा मिलेगी।
अब देखना यह है कि जिलाधिकारी महोदय द्वारा जनहित से जुड़ी इस मांग पर कब तक सकारात्मक निर्णय लिया जाता है।
