Amethi UP: मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत डीएम की अध्यक्षता में “कॉफी विद् कलेक्टर” कार्यक्रम का हुआ आयोजन

बालिकाओं ने पूछे महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से जुड़े सवाल।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शुरू किए गए मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत जनपद में लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल की उपस्थिति में “कॉफी विद् कलेक्टर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष संवादात्मक कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की 10 छात्राओं ने प्रतिभाग कर महिला सशक्तिकरण से जुड़े अहम सवाल जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से पूछे।

बालिकाओं ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार एवं समाज में समान अधिकार जैसे विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। जिलाधिकारी संजय चौहान ने बालिकाओं के प्रश्नों का धैर्यपूर्वक उत्तर देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

इसके अंतर्गत हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1076 जैसी सेवाएं हर समय उपलब्ध हैं। साथ ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण और रोजगारपरक योजनाओं के जरिए भी महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने भी बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य है।

कि समाज की हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान मिले। इसके लिए छात्रवृत्ति योजनाएं, कौशल विकास कार्यक्रम, डिजिटल शिक्षा, ओ-लेवल कंप्यूटर ट्रेनिंग और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लगातार महिलाओं और बालिकाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन का यह दायित्व है कि कोई भी बच्ची शिक्षा से वंचित न रहे और हर महिला आत्मनिर्भर बन सके। सीडीओ ने आगे कहा कि सरकार व प्रशासन मिलकर न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं बल्कि उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देने पर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने खुलकर अपने विचार व्यक्त किए और जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी से संवाद कर संतोषजनक उत्तर प्राप्त किए। अधिकारियों ने बालिकाओं को यह संदेश भी दिया कि आप सभी समाज की भविष्य की धरोहर हैं। आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, प्रशासन हमेशा आपके साथ है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

Related posts