डॉ. प्रियंका मौर्या ने किया दीप प्रज्ज्वलन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और बच्चों को किया सम्मानित।
अमेठी, 14 अक्टूबर 2025। गौरीगंज तहसील सभागार में आज आठवें राष्ट्रीय पोषण माह एवं मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या के मुख्य आतिथ्य में पोषण पंचायत बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मौर्या द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया
तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए पोषण मॉडल और नवाचारों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पाँच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं पाँच छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ। यह आयोजन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाने और पोषण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया। रॉकेट लर्निंग सहयोगी संस्था द्वारा चयनित तीन बच्चों और तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को “सुपर चाइल्ड” तथा “सुपर आंगनबाड़ी कार्यकत्री” के प्रमाणपत्र डॉ. प्रियंका मौर्या द्वारा प्रदान किए गए।
इस पहल को जनपद में पोषण अभियान को प्रोत्साहन देने वाला नवाचार बताया गया। अपने उद्बोधन में डॉ. प्रियंका मौर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में जाकर पोषण अभियान को जन आंदोलन के रूप में संचालित करें। अमेठी को कुपोषण से मुक्त बनाने के लिए योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी महिलाएं किचन की रानी हैं, क्योंकि आपको पता है कि परिवार के लिए क्या स्वास्थ्यवर्धक है। बच्चों में अच्छी खानपान की आदतें विकसित करने के लिए अभिभावकों से संवाद करें और उन्हें व्यवहारिक परिवर्तन हेतु प्रेरित करें। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मौर्या ने पोषण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। पोषण पंचायत बैठक में उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

