धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ प्रियंका मौर्या आज अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान अमेठी पहुंची। यहां उन्होंने वन स्टाप सेंटर, जिला अस्पताल व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शाहगढ़ का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सर्वप्रथम डॉ मौर्या ने वन स्टाप सेंटर पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने उपस्थित पीड़िताओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनी तथा उनसे विभिन्न सुविधाएं मिलने की जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त डॉ मौर्या ने वन स्टाफ सेंटर में साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पीड़िताओं को जरूरत की सामग्री समय से उपलब्ध कराने एवं उन्हें दिए जाने वाले भोजन को गुणवत्तापूर्ण व समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की सदस्य के समक्ष वन स्टाप सेंटर में स्टाफ की कमी सामने आई जिसको देखते हुए उन्होंने आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्टाफ की भर्ती करने के निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी को दिए।
इसके बाद डॉ मौर्या ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, डायलिसिस कक्ष, दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया तथा इमरजेंसी वार्ड में जाकर मरीजों के इलाज की स्थिति देखी एवं प्रसुताओं के लिए बनाए गए भोजन किचन का भी निरीक्षण किया। मरीजों द्वारा रात में महिला चिकित्सक की अनुपलब्धता की शिकायत की गई इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के मोबाइल नंबर दीवार पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं ताकि मरीजों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ लईक ने बताया कि इमरजेंसी के पास सभी चिकित्सकों के नंबर पहले से ही प्रदर्शित हैं इसके बाद डॉ मौर्या ने स्वयं अपने मोबाइल से चिकित्सकों के नंबर पर काल की इसमें एक डॉक्टर ने काल रिसीव नहीं की जबकि दो डॉक्टरों ने तुरंत जवाब दिया। निरीक्षण के बाद डॉ मौर्या ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल की व्यवस्था बहुत अच्छी है मरीजों की भारी भीड़ यह दर्शाती है कि लोगों का सरकारी अस्पतालों पर विश्वास बढ़ा है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन के कार्य शैली की सराहना की और सेवाओं को और अधिक बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके बाद महिला आयोग की सदस्य डॉ प्रियंका मौर्या ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शाहगढ़ का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने अध्यनरत छात्राओं से पढ़ाई व उनके रहने खाने एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा पूरे विद्यालय परिसर का गहनता से निरीक्षण किया। जिसमें बाथरूम गंदा पाया गया, सीसीटीवी कैमरे संचालित नहीं थे,
आरओ खराब था, खिड़कियों में जाली नहीं लगाई गई थी, विद्यालय परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां लगी थी एवं विद्यालय में जगह-जगह गंदगी पाई गई जिसको लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपरोक्त सभी व्यवस्थाओं को 3 दिन के भीतर ठीक कराते हुए विद्यालय परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही डॉ मौर्या ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में जानकारी दी गई तथा विभिन्न योजनाओं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, वन स्टाप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना,
स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और बालिकाओं में जागरूकता फैलाने हेतु इन योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों के फोल्डर एवं पंपलेट वितरित किए गए।

