धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से 1.86 करोड़ पात्र परिवारों के खातों में गैस रिफिल सब्सिडी हस्तांतरित की। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज, अमेठी में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, जिलाधिकारी संजय चौहान, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अनिल चतुर्वेदी, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत, नोडल अधिकारी (उज्ज्वला योजना) आरिस अदनान सहित अन्य अधिकारी एवं लाभार्थी शामिल हुए। मुख्यमंत्री जी के संबोधन के उपरांत जनपद में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना के 150 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि “सरकार की नीतियां और नीयत दोनों ही जनता के हित में हैं। जब शासन की मंशा साफ होती है, तो योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित होती हैं। पहले राशन और गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी महसूस होती थी, लेकिन आज सरकार द्वारा नियमित रूप से प्रत्येक परिवार तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि “जिस देश का राजा अमीर होता है, उस देश की जनता गरीब होती है और जिस देश का राजा गरीब होता है, उस देश की जनता अमीर होती है। वर्तमान सरकार ने जनता की समृद्धि और खुशहाली के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए उज्ज्वला योजना एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने उपस्थित सभी लाभार्थियों और जनप्रतिनिधियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि “प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। अब रसोई में धुएं की जगह स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग हो रहा है। यह योजना न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का साधन बनी है
, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मील का पत्थर है। जिला प्रशासन सुनिश्चित करेगा कि इस योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे। जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि आज के कार्यक्रम में 150 उज्ज्वला लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया था,
जिन्हें माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

