Sitapur Uttar Pradesh: ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता लगभग 1 वर्ष 11 माह बाद अपहृत 6 वर्षीय बालक और 4 वर्षीय बालिका पंजाब से सकुशल बरामद

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

 

सीतापुर। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 1 वर्ष 11 माह से लापता 6 वर्षीय छोटू उर्फ प्रिंस तथा 4 वर्षीय रागिनी को सीतापुर पुलिस ने पंजाब के जालंधर जिले के दयालपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में AHTU प्रभारी दयाशंकर मित्रा व उनकी टीम लगातार चेन्नई, नेपाल बॉर्डर, सिद्धार्थनगर, अमृतसर, लखनऊ, महाराजगंज सहित कई स्थानों पर बच्चों की तलाश कर रही थी। लंबी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को पंजाब से महत्वपूर्ण सुराग मिला और टीम बच्चों तक पहुँच सकी।

कैसे हुई बरामदगी — पूरा घटनाक्रम

3 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम जालंधर के दयालपुर गांव पहुँची, जहाँ स्कूल ड्रेस में एक लड़का और लड़की दिखाई दिए। सादी वर्दी में पूछताछ करने पर लड़के ने अपना नाम प्रिंस उर्फ छोटू, पिता विनोद, पता निगोहा थाना हरगांव बताया। लड़की ने भी अपना नाम रागिनी और मां का नाम खुशबू बताया। बच्चों ने बताया कि वे अपनी मां के साथ यहां आए थे, लेकिन गंभीर बीमारी (टीबी) के कारण उनकी मां की मृत्यु हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान गांववालों द्वारा खींची गई तस्वीरें भी दिखाईं। इससे पुलिस को पुष्टि मिली कि यही लापता बच्चे हैं।

मानवता के नाते संरक्षण करने वाला व्यक्ति सामने आया

गाँव में मिले रामलखन पुत्र इतवारी ने बताया कि लगभग 17–18 माह पहले वह धीरपुर रोड पर एक बीमार महिला और दो बच्चों से मिला था। महिला ने अपने परिवार द्वारा छोड़े जाने और कहीं ठिकाना न होने की बात कही। रामलखन उन्हें घर ले आया और सरकारी अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया, परंतु 15 दिनों बाद उसकी मृत्यु हो गई। महिला ने अपनी पहचान केवल नेपाल निवासी के रूप में बताई थी। मानवता के आधार पर रामलखन ने दोनों बच्चों को अपने घर रखा और पास के सरकारी प्राथमिक विद्यालय मनार में उनका दाखिला भी कराया। https://youtu.be/cB1fs_brTOo?si=6tMsan-kd1FLr_hD

गांव में खुशी की लहर—पुलिस की सराहना

करीब दो वर्ष बाद बच्चों के सकुशल मिलने की खबर फैलते ही सीतापुर के निगोहा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों के चेहरों पर राहत साफ झलक रही थी। ग्रामीणों ने पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने लगातार गंभीरता, संवेदनशीलता और अथक मेहनत से खोज अभियान चलाया, जिसका यह उल्लेखनीय परिणाम सामने आया।

नामजद आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई जारी

इस मामले में थाना हरगांव में पहले से दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपी—संतोष कुमार, मुजफ्फर हुसैन उर्फ गुड्डू प्रधान, शांति पत्नी सोहन—के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और आगामी कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।

Related posts