जनपद की अवैध गतिविधियों, अतिक्रमण, स्वास्थ्य व यातायात समस्याओं के समाधान की मांग
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
सीतापुर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिला अध्यक्ष नियाज़ हुसैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद की प्रमुख समस्याओं—अवैध माल ढुलाई, ओवरलोडिंग, अवैध अस्पताल-पैथोलॉजी संचालन, अवैध प्लॉटिंग और बढ़ते अतिक्रमण—पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही सीतापुर में ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
ज्ञापन में नगर क्षेत्र की सीवर लाइन व नालियों की नियमित सफाई, प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती, सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा GIC चौराहे से सिटी स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण, नो-एंट्री समय निर्धारण, पुराने पक्के पुल के पुनर्निर्माण तथा निजी स्कूलों और निजी अस्पतालों की मनमानी पर नियंत्रण की मांगें शामिल थीं।
जिला अध्यक्ष नियाज़ हुसैन ने कहा कि जिले की जनता लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रही है और यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो AIMIM जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में शादाब गाज़ी, शिशिर पाण्डेय, उरुज़ कदीर, यासीन खान, शब्बू खा, कलाम मिर्ज़ा, आलम अंसारी, हफ़ीफ अंसारी, ज़ाहिर अंसारी व अकबर खान आदि मौजूद रहे।

