धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। आज सुबह एनएच-27 लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर नारायणपुर मोड़ के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। रचित अस्पताल, गोरखपुर की एम्बुलेंस (वाहन संख्या UP 32 NN 2749) लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसा इतना भयावह था कि एम्बुलेंस के चालक अजीत कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एम्बुलेंस में मौजूद क्लीनर कयूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल कयूम को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए, लेकिन एम्बुलेंस के आगे वाले हिस्से के परखच्चे उड़ चुके थे।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
