धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी के गुवारी रोड पर मंझपुरवा बंकी मोड़ के पास एक 14 चक्का मौरंग लदा ट्रक पलट गया। यह घटना सड़क के किनारे साइड देने के दौरान कच्चे रास्ते पर उतरने और सड़क धंसने के कारण हुई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

ट्रक बाराबंकी से गुवारी की ओर जा रहा था। जिस तरफ ट्रक पलटा, उस ओर कई दुकानें स्थित थीं। हादसे के बाद ट्रक से गिरी मौरंग के नीचे एक मोटरसाइकिल दब गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने मौरंग हटाकर मोटरसाइकिल को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी ओवरलोड था। सड़क के किनारे कच्चे रास्ते पर उतरते ही यह पलट गया। लोगों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति पास होता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

यह ट्रक रसौली निवासी ताज का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंगल रोड पर ऐसे भारी वाहनों का निकलना अक्सर हादसों का कारण बनता है। जनकल्याण किसान संगठन ने पहले भी इस रोड के चौड़ीकरण की मांग उठाई है।
जनकल्याण किसान संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता अंजनी सिंह ने बताया कि जर्जर सड़क के कारण अक्सर छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने आज की घटना को एक बड़ी दुर्घटना बताया, लेकिन संतोष व्यक्त किया कि कोई जनहानि नहीं हुई।

