दर्जनों ग्रामीणों को कुत्तों ने बनाया अपना शिकार
बाजार शुकुल/अमेठी। जिले के विकास खण्ड बाजार शुकुल क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 48 घंटे से कुत्तों के हमलों ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। अलग-अलग गांवों में हुए हमलों में 41 लोग घायल हो चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।
शुक्रवार को हरखूमऊ के रामरता (50), सरोजनी देवी (55), देवबक्श (65), असिराजा (55), पुनीपुर के सरजू चौरसिया (20), मीरापुर की अमिता (35) व निशा (15), मियां का पुरवा के नोहरे लाल (40) और पूरे धर्मदास की सीमा (50) घायल हो गईं।
उधर, पूरे शुकलन में दीप्ति (22), मुंदर (50), अनीता (20), विश्वनाथ (65), कलंदरगढ़ के शिवम (8), ऊंच गांव के संदीप (25), पूरे रामदीन गांव के कार्तिक (6), सियाराजी (70), सरोजनी देवी (59), प्रशांत प्रजापति (5) और सांवरी देवी (60) पर भी कुत्तों ने हमला कर दिया।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार मे दिखाया गया , सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर सुधीर कुमार वर्मा ने कहा कि एंटी रैबीज इंजेक्शन अस्पताल में मौजूद है जो भी घायल पहुंच रहे हैं। उनको एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है। हमलों की लगातार घटनाओं के चलते ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत दोनों बढ़ रहे हैं। कई लोग सुबह-शाम घर से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरजीत यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश चौहान, जिला पंचायत पद के प्रत्याशी सुरेंद्र दुबे,, ने कहा कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है और तुरंत कार्रवाई जरूरी है।
खंड विकास अधिकारी अंजली सरोज ने बताया कि ग्राम पंचायतों को विशेष अभियान चलाकर कुत्तों की पकड़ और नियंत्रण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी उपायों से काम नहीं चलेगा, क्षेत्र को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान बेहद जरूरी है।

