Sitapur UP: जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

वीएचएसएनडी व बेसिक शिक्षा विभाग में गुणवत्ता, अनुशासन और जवाबदेही पर जोर।

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डा० राजागणपति आर० ने वीएचएसएनडी दिवस के अवसर पर विकास खण्ड महोली की ग्राम पंचायत रहमतपुर ग्रन्ट में आयोजित कार्यक्रम का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एचआरपी रजिस्टर का अवलोकन किया तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की किटों में उपलब्ध दवाओं व सामग्री की जांच की।

उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, आमजन को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी किटों में आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात पीएचसी महोली अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, इन्दौली के निरीक्षण में रजिस्टरों में कमियां पाए जाने पर सीएचओ के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी विद्यालयों में निर्धारित एसओपी के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित संचालन, अभिलेख अद्यतन रखने, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा बच्चों में स्वच्छ आदतें विकसित करने के निर्देश दिए।

साथ ही गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील वितरण, नियमित निरीक्षण, निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूर्ण कराने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त करने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत नामांकन के सापेक्ष उपस्थिति सुनिश्चित करने, बच्चों के यूनिफॉर्म में विद्यालय आने, अभिभावक व विद्यालय प्रबंध समिति की नियमित बैठकों से सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने तथा कंपोजिट ग्रांट, स्पोर्ट्स व टीएलएम मद की आय-व्यय जानकारी विद्यालय की दीवार पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। बैठक में उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts