Sitapur UP: लापरवाही पर भड़के डीएम: बीडीओ की प्रतिकूल प्रविष्टि, 12 माह का वेतन रोका; सड़क सुरक्षा पर भी सख्त रुख

लापरवाही पर डीएम का कड़ा एक्शन: बीडीओ की प्रतिकूल प्रविष्टि, वेतन रोका।

जनसुनवाई व विकास कार्यों में खामियां मिलने पर लेखाकार को सेवा समाप्ति का नोटिस, सड़क सुरक्षा पर भी सख्त निर्देश।

 

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने गुरुवार को विकास खंड कसमण्डा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान जनसुनवाई रजिस्टर अद्यतन न पाए जाने, अभिलेखों के दयनीय रख-रखाव तथा विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार श्रीवास्तव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ 12 माह का वेतन रोकने के आदेश दिए।

← Back

Thank you for your response. ✨

← Back

Thank you for your response. ✨

इसके अलावा मनरेगा, इंटरलॉकिंग सड़कों और आंगनबाड़ी निर्माण कार्यों में खामियों पर अवर अभियंता शिवकुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि, लेखाकार नीरज बाजपेयी को सेवा समाप्ति का नोटिस तथा एडीओ पंचायत संजय कुमार सिंह का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई। साथ ही क्षेत्र पंचायत की बैठकें फरवरी के बाद न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही पर निलंबन तक की कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के प्रत्येक मामले का संयुक्त ‘डेथ ऑडिट’, दुर्घटना संभावित 10 थाना क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई, प्रमुख चौराहों से 150 मीटर तक क्षेत्र को ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित करने तथा ओवरलोड गन्ना वाहनों व ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर उन्हें सीज करने के आदेश दिए।

इसके साथ ही ‘नो हेलमेट–नो फ्यूल’ अभियान, स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच और गुड सैमेरिटन को प्रोत्साहन पर जोर देते हुए डीएम ने दो टूक कहा कि शासन की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related posts