Barabanki haidergarh UP: डीआरएम ने हैदरगढ़ रेलवे का किया निरीक्षणः

शौचालयों की स्थिति पर जताई नाराजगी, निर्माण कार्यों का लिया जायजा

धारा लक्ष्य समाचार

हैदरगढ़ बाराबंकी। लखनऊ के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) एस के वर्मा ने गुरुवार हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माणधीन कार्यों का जायजा लिया और यात्रियों के लिए बने शौचालयों की स्थिति संतोषजनक न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

डीआरएम ने मौके पर मौजूद विभाग के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि शौचालयों को तत्काल सही कराया जाए और उनकी छत पर पानी की टंकी रखी जाए। उन्होंने स्टेशन परिसर में उखड़ी इंटरलॉकिंग, दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए बने ब्रिज की सीढ़ियों में आई दरार को ठीक करने और यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टोंटियां लगाने के भी आदेश दिए।

एस के वर्मा ने अमृत भारत योजना के तहत हो रहे कायाकल्प और नव निर्माण की गति में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान मौजूद लोगों ने अमृत भारत योजना के तहत बनाई जा रही सीसी रोड की घटिया गुणवत्ता की शिकायत की। उन्होंने बताया कि एक तरफ सड़क बन रही है और दूसरी तरफ टूटती जा रही है।

डीआरएम ने शिकायत पर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार द्विवेदी ‘राजू भैय्या’ की अगुवाई में नागरिकों ने ट्रेनों के ठहराव की मांग की। डीआरएम ने बताया कि महामना एक्सप्रेस और वरुणा एक्सप्रेस शटल के ठहराव के लिए प्रस्ताव बनाकर दिल्ली भेजा जा चुका है।

इस निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय कस्बावासी मौजूद रहे।

Related posts