क्षेत्र में लगी बड़ी-बड़ी लाइटें बनी शो-पीस, अंधेरे में भटकने को मजबूर क्षेत्रवासी।
संग्रामपुर/अमेठी। विकास खंड संग्रामपुर क्षेत्र के ठेंगहा मेन बाजार में लगी हाई मास्ट लाइट तकनीकी खराबी के कारण पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है। इससे बाजार क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है और चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इस स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों व व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार लाइट को ठीक कराने के लिए कई बार शिकायत की गई। एक बार मरम्मत भी कराई गई, लेकिन अगले ही दिन लाइट फिर से खराब हो गई। इसके बाद से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
रामघाट विकास सेवा समिति के प्रतिनिधि अनुपम मिश्रा ने बताया कि अंधेरे के कारण शाम के समय ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।
कसारा निवासी उमेश प्रताप सिंह (सहदेव) और संग्रामपुर निवासी परविंदर सिंह का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। वहीं कसारा गांव में भी अलग-अलग स्थानों पर लगी तीन हाई मास्ट लाइटें मात्र पांच से छह महीने में ही खराब हो गई है।
इसी क्रम में बताते चलें कि संग्रामपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध कालिकन धाम, सगरे के पास और बीआरसी कार्यालय के बगल सहित कई अन्य स्थानों पर भी हाल ही में लगी कई हाईमास्ट लाइटें बंद पड़ी हैं।
ये लाइटें ज्यादातर विधायक निधि, एमएलसी कोटा और जिला पंचायत अध्यक्ष निधि से लगवाई गई है।
ग्रामीण शोले सिंह, अतर सिंह, अर्जुन सिंह, अशोक मौर्य, राजकुमार मौर्या सहित दर्जनों लोगों ने आरोप लगाया कि ये हाई मास्ट लाइटें कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।

