धारा लक्ष्य समाचार पत्र
औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर की आवासीय कॉलोनी रोड नम्बर-1 में गंदगी का कहर।
अमेठी। औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर की यूपीसीडा आवासीय कॉलोनी, रोड नम्बर-1 में स्वच्छता व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कॉलोनी के पंप हाउस, स्टोर, पानी टंकी, दुर्गा पार्क रोड समेत कई स्थानों पर गोबर के बड़े-बड़े घूर, कूड़ा, पॉलिथीन और प्लास्टिक फैला हुआ है।
तेज बदबू से लोग घरों से निकलने में भी डर रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
कॉलोनी की सड़कों के किनारे खुले में कचरा फेंकने से नाले और रास्ते गंदे हो गए हैं। मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नियमित सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आ रही है।
कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गंदगी के साथ कॉलोनी के पार्क भी उपेक्षा का शिकार हैं। कई पार्कों की बाउंड्री वॉल टूटी हुई है, जबकि कई जगह पार्क की जमीन तो है लेकिन बाउंड्री का अभाव है। झाड़-झंखाड़ और जंगली पेड़-पौधे उगने से पार्क उपयोग योग्य नहीं रहे।
स्थानीय निवासी दुर्गेश मिश्रा, संदीप पाण्डेय, संगीता और सुधाकर श्रीवास्तव ने कहा कि विकसित कॉलोनी में यह स्थिति शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “यहां गोबर के घूर और कचरे के ढेर देखकर लगता है कि प्रशासन ने आंखें बंद कर ली हैं।”
कॉलोनीवासियों ने तत्काल सफाई अभियान, आरआरसी सेंटर और पार्कों की मरम्मत की मांग की है।

