Amethi UP : माघ मेले में शंकराचार्य से कथित अपमान के विरोध में यूथ कांग्रेस का मार्च।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

एसडीएम अमेठी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

अमेठी। प्रयागराज के माघ मेले में सनातन धर्म के शीर्ष आध्यात्मिक गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ कथित अपमान, अन्याय, स्नान से रोके जाने तथा साधु-संतों की चोटी खींचे जाने जैसी घटनाओं के विरोध में यूथ कांग्रेस, अमेठी (विधानसभा 186) ने नगर में शांतिपूर्ण मार्च निकाला। मार्च के बाद उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) अमेठी को माननीय राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि माघ मेला जैसे पवित्र धार्मिक आयोजन में किसी शंकराचार्य के साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। इससे देशभर के हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि साधु-संतों के साथ अभद्रता, चोटी खींचना और स्नान से रोकना प्रशासनिक विफलता के साथ-साथ सनातन परंपरा के सम्मान पर सीधा हमला है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वयं को हिंदुत्व का संरक्षक बताने वाली सरकार के शासन में साधु-संत भी सुरक्षित नहीं हैं।

यूथ कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी और समस्त हिंदू समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना की जाए।

प्रदर्शन व ज्ञापन कार्यक्रम में शुभम सिंह (जिलाध्यक्ष), शिवांशु राणा मिश्रा (जिला सचिव), अंशु तिवारी (सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष), विजेन्द्र सिंह लोहा (विधानसभा अध्यक्ष), दिवस प्रताप सिंह (प्रवक्ता), अम्बेश शुक्ला व सूरज यादव (जिला उपाध्यक्ष), रवि मौर्या (जिला महासचिव), अफ़जल खान, नन्हे यादव, अंशुमान सिंह, मनीष मौर्या सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।

Related posts