संत अतुलानंद रेज़िडेंशियल एकेडमी में 77वाँ गणतंत्र दिवस एवं ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर गरिमामय आयोजन।
वाराणसी। संत अतुलानंद रेज़िडेंशियल एकेडमी, होलापुर, शिवपुर, वाराणसी में सोमवार, 26 जनवरी 2026 को 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष के समारोह की विशेष पहचान राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तुत की गई भव्य एवं भावपूर्ण झाँकी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत के साथ हुआ।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आलोक कुमार, सेकेंड कमांडेंट, 95वीं बटालियन, सीआरपीएफ रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. लोकेंद्र गुप्ता, निदेशक (ईएनटी), वेदांता अस्पताल एवं मुरारी गुप्ता दास, इस्कॉन मंदिर, वाराणसी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन किया गया, जिसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अविनाश पाण्डेय ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। विद्यालय की निदेशिका डॉ. दिव्या सिंह ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए गणतंत्र दिवस एवं वंदे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रप्रेरक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत, समूह गान, कविता पाठ, नाट्य प्रस्तुति (स्किट), हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषण तथा विभिन्न कक्षाओं के छात्रों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक देशभक्ति नृत्य सभी के आकर्षण का केंद्र रहे।
प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों की फैंसी ड्रेस प्रस्तुति ने विशेष रूप से दर्शकों का मन मोह लिया। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने की स्मृति में प्रस्तुत विशेष झाँकी ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। झाँकी के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं देशप्रेम से जुड़े संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी सर्वत्र सराहना हुई। मुख्य अतिथि आलोक कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को संविधान, अनुशासन, राष्ट्रसेवा तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
डॉ. लोकेंद्र गुप्ता ने स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि श्री मुरारी गुप्ता दास ने नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि के रूप में वेदांता अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का समापन निदेशिका डॉ. दिव्या सिंह के आशीर्वचनों एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

