Varanasi UP…मोबाइल चोरी के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

मोबाइल चोरी के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

वाराणसी। थाना रोहनियां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट कर हत्या करने के मामले में नामजद वांछित अभियुक्त रमेश पटेल उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को वादिनी ने थाना रोहनियां में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पुत्र सोनू अली को मोबाइल चोरी के विवाद में रमेश पटेल और उसके साथियों ने एक राय होकर बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मामले के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रमेश पटेल (उम्र करीब 29 वर्ष), निवासी घमहापुर हरदत्तपुर थाना रोहनियां, को 29 मार्च 2026 को रात 8:35 बजे घमहापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस गिरफ्तारी में थाना रोहनियां के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related posts