सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरांवा, रायबरेली। सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करने वाले एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में आक्रोश फैल गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा नेता मनीष गुप्ता ने आरोपी युवक के खिलाफ उच्च पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में बछरांवा थाना क्षेत्र के शेखपुर समोधा ग्राम सभा के टांडा गांव निवासी पंकज यादव नामक युवक प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। भाजपा नेता मनीष गुप्ता ने इसे देश के प्रधानमंत्री और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा समाज में गलत संदेश देती है।
और सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक मंचों पर इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
