Raybareli News: पांचवें बड़े मंगल पर भक्ति की बही गंगा, जगह-जगह सजे भंडारे और गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

 धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। अधिकमास एवं पांचवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।थाना महाराजगंज एवं मुख्य तिराहा स्थित पुलिस चौकी परिसर में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को पूड़ी-सब्जी, मठ्ठा सहित प्रसाद वितरित किया गया। भक्ति गीतों और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

हनुमानगढ़ी मंदिर में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुधा अवस्थी ने हवन-पूजन के साथ भंडारे का शुभारंभ किया। वहीं मुख्य तिराहा स्थित पुलिस चौकी पर साईं नाथ सेवा समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसके अलावा रानी का पुरवा, हैदरगढ़ रोड, बाबा ओरीदास तपोस्थली मोन, पारा कला स्थित हनुमान मंदिर, बावन बुजुर्ग बल्ला स्थित महावीर हनुमान मंदिर,

हलोर स्थित ब्रह्मचारी हनुमान मंदिर समेत दर्जनों गांवों और मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिकमास में जप, तप, दान, धार्मिक अनुष्ठान और पुण्य कर्मों का विशेष महत्व माना जाता है। इसी क्रम में मंदिरों में सुंदरकांड पाठ एवं हवन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। देर शाम तक चले भंडारों में क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।पूरे दिन नगर और ग्रामीण अंचलों में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला तथा जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

Related posts