Chandigadh hariyana News: एक महीने में 33 खिलाड़ियों को मिली प्रशिक्षक की नौकरी, गौरव गौतम ने 23 प्रशिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में खेल राज्य मंत्री Gaurav Gautam ने हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में आयोजित एक समारोह के दौरान 3 वरिष्ठ (सीनियर) एवं 20 कनिष्ठ (जूनियर) प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री ने चयनित प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। सरकार खिलाड़ियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें खेलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त हुए खिलाड़ी अपनी विशेषज्ञता और अनुभव के माध्यम से नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे तथा प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उनके मार्गदर्शन में उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे हरियाणा खेल जगत में अपनी अग्रणी पहचान को और सशक्त करेगा।

गौरव गौतम ने बताया कि खेल विभाग द्वारा गत महीने भी 10 प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए थे। इस प्रकार विभाग ने मात्र एक महीने के भीतर कुल 33 खिलाड़ियों को प्रशिक्षक के पद पर नियुक्त कर उन्हें सरकारी नौकरी प्रदान की है। यह खिलाड़ियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के संकल्प का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के कल्याण, खेल अधोसंरचना के विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित बना सकें।

समारोह में खेल विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। चयनित प्रशिक्षकों ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और हरियाणा को खेलों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related posts