धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। रायबरेली के रेल यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग को लेकर सदर विधायक अदिति सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण पहल की है। विधायक ने आनंद विहार टर्मिनल–दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13257 एवं 13258) का रायबरेली जंक्शन पर ठहराव सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। उनकी इस पहल से दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों की उम्मीदों को नई दिशा मिली है।
अदिति सिंह ने अपने पत्र के माध्यम से क्षेत्र की रेल संबंधी जरूरतों को केंद्र सरकार के समक्ष रखते हुए यात्रियों की सुविधा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। इस ट्रेन का रायबरेली जंक्शन पर ठहराव होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और दूसरे जरूरी कार्यों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। साथ ही, दिल्ली और बिहार की ओर आवागमन के लिए रायबरेली के लोगों को एक अतिरिक्त सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
जनसुविधाओं से जुड़ी इस मांग पर अब रेलवे के निर्णय का इंतजार है। यदि ट्रेन को रायबरेली जंक्शन पर ठहराव मिलता है, तो यह जिले की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। विधायक की इस मांग से क्षेत्र में रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही सुविधाओं की अपेक्षाओं को भी बल मिला है। अब लोगों की निगाहें रेल मंत्रालय के सकारात्मक निर्णय पर टिकी हैं।
