Lalitpur UP: विश्व पर्यावरण दिवस पर गेटेम्बे फाउंडेशन मिशन बेटियां ने किया “घर-घर बेटी वाटिका” अभियान का शुभारंभ

एक बर्ष मे संस्था करेंगी 2100 बेटी वाटिका कि स्थापना

संस्था के सचिव विजय पाल सिंह ‘सन्नी’ के घर से हुई शुरुआत

 धारा लक्ष्य समाचार पत्र

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गेटेम्बे फाउंडेशन मिशन बेटियां द्वारा “घर-घर बेटी वाटिका” अभियान का शुभारंभ संस्था के सचिव विजय पाल सिंह ‘सन्नी’ के निवास से किया गया। इस अभियान का उद्देश्य बेटियों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली बढ़ाने के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करना है।

जिलासंयोजिका उर्वशी साहू ने कहा कि बेटी और प्रकृति दोनों ही जीवन की आधारशिला हैं। जिस प्रकार एक पौधे को संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार बेटियों को भी उचित अवसर और सम्मान देकर समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार यदि एक बेटी के नाम से एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा।

संस्था के संस्थापक डॉ. विकास गुप्ता “जीत” ने बताया कि मिशन बेटियां आगामी एक वर्ष में “घर-घर बेटी वाटिका” अभियान के अंतर्गत 2100 बेटी वाटिकाओं की स्थापना का लक्ष्य लेकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि एक परिपक्व वृक्ष प्रतिवर्ष सैकड़ों किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण को शुद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भू-जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करे। “एक बेटी, एक वाटिका” का यह अभियान सामाजिक और पर्यावरणीय चेतना का अनूठा संगम है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संस्था के मंडल संयोजक मो. मुनीर, मो. जाकिर, जिला सहसंयोजक शैलेश जैन, सहसचिव सोनाली पाठक, अभिषेक सक्सेना, अनुज गुप्ता, वीरेश पाठक, दिग्विजय सिंह, सुरेन्द्र सपेरा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव विजय पाल सिंह ‘सन्नी’ ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि विश्व पर्यावरण दिवस को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दें।

Related posts