Raybareli News: समोधा चौराहे पर भीषण सड़क हादसा, डीसीएम की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त, पिकअप खाई में पलटी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।बछरावां। थाना क्षेत्र के समोधा चौराहे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार डीसीएम ने एक कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान सड़क किनारे पुल के पास खड़ी एक पिकअप भी उसकी चपेट में आ गई और अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कार फतेहपुर की ओर से बछरावां की तरफ आ रही थी, जबकि डीसीएम बछरावां की ओर से सामने से आ रही थी। समोधा चौराहे के पास दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और कार चालक को चोटें आईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। भागने के दौरान उसने पुल के किनारे खड़ी पिकअप को टक्कर मार दी,

जिससे पिकअप सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और पलट गई। गनीमत रही कि उस समय पिकअप में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल कार चालक की स्थिति की जानकारी ली और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया गया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा संबंधित वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समोधा चौराहे पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां यातायात सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने और वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Related posts