Raybareli News: भीषण गर्मी में प्यासे राहगीर, पानी की व्यवस्था को लेकर युवाओं का धरना-प्रदर्शन

जीआईसी स्कूल के पास फूटा लोगों का गुस्सा, अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार

रायबरेली। भीषण गर्मी के बीच शहर में पेयजल व्यवस्था चरमराने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नगर के जीआईसी स्कूल के पास सार्वजनिक पेयजल नलों के खराब होने और पानी की समुचित व्यवस्था न होने से नाराज युवाओं ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।युवा संगठन के बैनर तले एकत्रित युवाओं ने आरोप लगाया कि शहर के इस व्यस्त इलाके से प्रतिदिन हजारों छात्र, राहगीर और आम नागरिक गुजरते हैं,

लेकिन यहां पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। जो सार्वजनिक नल लगाए गए थे, वे लंबे समय से खराब पड़े हैं। भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जिससे राहगीरों और विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।धरना-प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने मांग की कि खराब पड़े पेयजल नलों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही जब तक नलों की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक अस्थायी रूप से पानी की टंकी या टैंकर की व्यवस्था कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मौके पर अधिशासी अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं। युवाओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर खराब पड़े नलों को ठीक कराया जाएगा। यदि किसी कारणवश मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो पाता है तो वहां पानी की टंकी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

युवा संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो वे दोबारा धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से आशीष पाठक, संतोष पांडेय, मारुति, सुमित सिंह, अभय सहित युवा संगठन के कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related posts