Raybareli News: प्रेम प्रसंग में मौसेरे भाई ने की थी बिंदा प्रसाद की हत्या, 72 घंटे में पुलिस ने खोला राज

पत्नी से संबंधों में बना था रोड़ा, पानी की टंकी परिसर में सोते समय बांके से उतारा मौत के घाट।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र में हुए चर्चित और दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरत की बात यह है कि मृतक का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका मौसेरा भाई निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों का मामला था।जानकारी के अनुसार, मृतक बिंदा प्रसाद की पत्नी और आरोपी राजकिशोर के बीच पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे।

आरोपी महिला को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस के मुताबिक राजकिशोर को लगता था कि बिंदा प्रसाद उसके प्रेम संबंधों में सबसे बड़ी बाधा है। इसी कारण उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

पुलिस जांच के अनुसार 14 और 15 जून की दरम्यानी रात बिंदा प्रसाद बछरावां क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा स्थित पानी की टंकी परिसर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी राजकिशोर वहां पहुंचा और धारदार बांके से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बिंदा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।सुबह हत्या की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया।तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 72 घंटे के भीतर आरोपी राजकिशोर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अवैध संबंधों की परिणति कई बार भयावह अपराध के रूप में सामने आती है।

Related posts