राजस्व से जुड़े सबसे अधिक 25 मामले पहुंचे, एसडीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। तहसील परिसर महराजगंज में शनिवार को उपजिलाधिकारी और तहसीलदार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। राजस्व विभाग की 25 शिकायतें भूमि विवाद, पैमाइश और अवैध कब्जे से जुड़ी थीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की नौ, विकास विभाग की दो तथा अन्य विभागों की तीन शिकायतें दर्ज की गईं।उपजिलाधिकारी ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनें और निष्पक्ष जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी, तहसील स्तरीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
