टॉन्सिल ऑपरेशन के बाद मासूम की बिगड़ी हालत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप।

परिजनों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर के इंदिरा नगर स्थित एक निजी अस्पताल में टॉन्सिल के ऑपरेशन के बाद 10 वर्षीय मासूम बच्ची की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज अझारा तहसील अंतर्गत पूरे बोधी सिंह (मजरा अगई) निवासी शरद कुमार सिंह सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि उनकी लगभग 10 वर्षीय पुत्री शिवानी सिंह को टॉन्सिल की समस्या के उपचार के लिए 29 जून 2026 को शहर के इंदिरा नगर स्थित शाश्वत नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।

शिकायत के अनुसार, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित सिंह और उनकी टीम ने बच्ची का टॉन्सिल ऑपरेशन शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन शुरू होने के करीब दस मिनट बाद बच्ची तेज चीखने-चिल्लाने लगी और उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों का कहना है कि बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसी रात करीब नौ बजे उसे तत्काल लखनऊ के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण बच्ची की जान खतरे में पड़ गई।

पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अस्पताल प्रबंधन, संबंधित चिकित्सक एवं स्टाफ के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऑपरेशन के दौरान आवश्यक सावधानी बरती जाती तो बच्ची की स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

जिलाधिकारी कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराए जाने का आश्वासन दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका था।

Related posts