स्थापना दिवस पर संस्कार निर्माण का लिया संकल्प, परिषद भवन उपलब्ध कराने की मंत्री ने की घोषणा।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। भारत विकास परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर शहर स्थित दीप बैंक्वेट हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल रहे। समारोह में सेवा, संस्कार, समर्पण, सहयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।अपने संबोधन में उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भारत विकास परिषद समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की जागरूक एवं सेवा भावी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से संभव है। परिषद वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है, जो अत्यंत प्रेरणादायक है।
मंत्री ने कहा कि समाज के सक्षम एवं संपन्न लोगों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने संस्था को रायबरेली शहर में भवन उपलब्ध कराने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित सदस्यों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया और इसे परिषद के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए परिषद की विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी।
प्रांतीय उपाध्यक्ष नवल किशोर बाजपेई ने परिषद के इतिहास, उद्देश्यों एवं सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला, जबकि सचिव प्रभात श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की।सदस्यता विस्तार समिति के संयोजक राकेश कक्कड़ एवं पूर्व अध्यक्ष अम्बरीष अग्रवाल ने नए सदस्यों को परिषद की सदस्यता एवं सेवा-संस्कार की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन परिषद के पूर्व अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव (एडवोकेट) ने किया।समारोह में परिषद से जुड़े चिकित्सकों डॉ. रवि मिश्रा, डॉ. एल.पी. पाण्डेय, डॉ. मनोज जायसवाल, डॉ. एस.सी. द्विवेदी एवं डॉ. विनय कुमार को उनके उत्कृष्ट चिकित्सीय एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
