जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सलोन (रायबरेली)। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सलोन विधायक अशोक कुमार कोरी ने मंगलवार को तहसील क्षेत्र के खमरिया पूरे कुशल गांव पहुंचकर सड़क दुर्घटना में मृत मेवालाल के परिजनों से मुलाकात की और शासन द्वारा अनुमन्य विभिन्न आर्थिक सहायता योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
ज्ञात हो कि खमरिया पूरे कुशल निवासी मेवालाल की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 29 जून 2026 को मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद परिवार पर आए संकट को देखते हुए शासन स्तर से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता उपलब्ध कराई गई।विधायक अशोक कुमार कोरी ने मृतक की पत्नी श्रीमती राजरानी को एक आवासीय पट्टा एवं एक कृषि पट्टा प्रदान किया।
साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत दोनों बच्चों की शिक्षा के लिए ₹2,500-₹2,500 प्रतिमाह सहायता के स्वीकृति प्रमाण पत्र सौंपे। इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत ₹1,000 प्रतिमाह पेंशन का स्वीकृति पत्र भी दिया गया।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत ₹5 लाख की आर्थिक सहायता की प्रक्रिया जारी है,
जबकि राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत ₹30,000 की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई है।इस अवसर पर विधायक ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी परिवार को आश्वस्त किया कि सभी स्वीकृत लाभ शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
