अवैध कच्ची शराब पर आबकारी विभाग की छापेमारी, 24 लीटर बरामद

60 किलो लहन नष्ट, एक अभियोग दर्ज

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 31 जुलाई। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने सरेनी क्षेत्र के ग्राम बैरुआ में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 24 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि मौके पर करीब 60 किलोग्राम लहन नष्ट कराया गया।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 डॉ. रमेश यादव की टीम ने बैरुआ गांव में अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डों और संदिग्ध घरों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान बरामद शराब के संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts