डीएम ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का किया निरीक्षण

17 सितंबर से शुरू होगी एफएलसी

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 15 सितंबर। आगामी निर्वाचन तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, लॉग बुक संधारण तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयर हाउस में साफ-सफाई एवं सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 सितंबर से ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू की जाएगी। इसके लिए की गई तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts