सीएमआईएस समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, विकास परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्यमंत्री सूचना प्रणाली (CMIS) के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयसीमा और विभागवार उपलब्धियों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की प्रगति नियमित रूप से डैशबोर्ड पर अपडेट की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो। धीमी गति से चल रही परियोजनाओं के लिए कार्ययोजना बनाकर जल्द प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित कार्यों में तेजी लाने, वित्तीय एवं भौतिक प्रगति में सामंजस्य बनाए रखने और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts