तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा, तीन यात्री घायल।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां, रायबरेली। थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम बछरावां-लालगंज मार्ग पर तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ऑटो सवार तीन यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक ऑटो बछरावां से लालगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में पियूष, बिंदु विश्वकर्मा निवासीगण सराय उमर तथा गुड्डी निवासी टेरा बरौला घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव में जुट गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रथम दृष्टया हादसे की वजह ऑटो की तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

Related posts