रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे के पास स्थित एचडीबी बैंक में देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बैंक के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।बताया जा रहा है कि आग ने देखते ही देखते बैंक के अंदर रखे जरूरी दस्तावेजों, कागजात और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में आने से कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य बैंकिंग सामान जलकर राख हो गया। आग की तेज लपटों के कारण आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आग लगने के दौरान बैंक के अंदर मौजूद सामान को काफी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है। बैंक प्रबंधन द्वारा भी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
