रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। बुधवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बीच महराजगंज कस्बे के पूरे सधई के पास दिल्ली से अयोध्या जा रहा सीमेंट लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।बताया जा रहा है कि तेज बारिश के दौरान सड़क की पटरी अचानक धंस गई।
इसी दौरान दिल्ली से सीमेंट लादकर अयोध्या जा रहा ट्रक जैसे ही पूरे सधई के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही महराजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस टीम ने ट्रक में फंसे चालक सोनू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
*सड़क किनारे बिखर गईं सीमेंट की बोरियां*
ट्रक पलटते ही उसमें लदी सीमेंट की सैकड़ों बोरियां सड़क किनारे फैल गईं। देर रात जारी तेज बारिश के कारण कई बोरियां पानी में भीग गईं, जिससे सीमेंट खराब हो गया। सुबह मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
*दूसरे ट्रक में लोड कराई गई सुरक्षित सीमेंट*
घटना के बाद गुरुवार सुबह पुलिस और चालक की मौजूदगी में दूसरा ट्रक मौके पर बुलाया गया। सुरक्षित बची सीमेंट की बोरियों को दूसरे ट्रक में लोड कराया गया और उन्हें अयोध्या के लिए रवाना कर दिया गया।महराजगंज कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और यातायात व्यवस्था सामान्य है।
