मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी श्रीमती सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग समेत कार्यक्रम से जुड़ी अन्य तैयारियों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरी कर ली जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा यातायात और पार्किंग की व्यवस्था ऐसी हो कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts