बंदर के हमले से 75 वर्षीय वृद्धा गंभीर घायल, गांव में दहशत।

बंदरों के आतंक से ग्रामीण बेहाल, जिम्मेदारों की अनदेखी पर उठे सवाल।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

लालगंज, रायबरेली। क्षेत्र के पूरे पुराना गौरा रुपई गांव में बंदरों का आतंक ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। आए दिन बंदरों के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार को घर में भोजन कर रही 75 वर्षीय वृद्ध महिला पर बंदर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।गांव निवासी कलावती पत्नी स्वर्गीय मैकूलाल रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर पर भोजन कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया। बंदर के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।

ग्रामीण सुधांशु ने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बंदर आए दिन घरों में घुसने के साथ ही लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में विशेष रूप से भय बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

वृद्ध महिला पर हुए हमले के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाकर इस गंभीर समस्या से जल्द निजात दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ी घटना न हो।

Related posts