निमोनिया से पीड़ित किशोरी की मौत पर बवाल, निजी अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ पर मुकदमा।

मां ने लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। ऊँचाहार कस्बे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 13 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतका की मां की तहरीर पर अस्पताल संचालक डॉ. सुनील चौहान एवं अस्पताल स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ऊँचाहार क्षेत्र निवासी आरती देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी साक्षी को तेज बुखार और निमोनिया की शिकायत के चलते 27 अगस्त को चौहान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में उसका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टर के बजाय प्रशिक्षु बच्चों से कराया जा रहा था, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई।

परिजनों के मुताबिक 28 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे साक्षी की मौत हो गई। बेटी की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक विनोद कुमार को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related posts