राष्ट्रीय खेल दिवस पर गूंजा खेलों का उत्साह, मेजर ध्यानचंद को दी गई श्रद्धांजलि।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। न्यू स्टैण्डर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू में शनिवार को महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खेलों के महत्व तथा मेजर ध्यानचंद के प्रेरणादायी जीवन से अवगत कराया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह, प्रधानाचार्य एस.एल. प्रजापति एवं उप प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस दौरान वक्ताओं ने मेजर ध्यानचंद के संघर्षपूर्ण जीवन, अद्वितीय खेल प्रतिभा और देश के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त साधन हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने खेलों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts