रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महाराजगंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के बखतखेड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी ही भतीजी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी को भी लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। घटना में 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी मां का हाथ टूट गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ककरिया मजरे रायपुर निवासी छोटेलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बहन मायादेवी अपनी बेटियों नंदिनी (18) और चांदनी (14) के साथ बखतखेड़ा गांव में रहती हैं। उनके पति विजय बहादुर दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं।
बताया गया कि शनिवार शाम खेत से काम निपटाकर मायादेवी और उनकी बेटी चांदनी घर पहुंचीं तो वहां किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रामेश्वर प्रसाद का पुत्र समर बहादुर उग्र हो गया और उसने धारदार हथियार से नंदिनी के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि नंदिनी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।
बेटी को बचाने के लिए दौड़ी मायादेवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। मारपीट में मायादेवी का बायां हाथ टूट गया। दोनों मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो चुका था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल नंदिनी और मायादेवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के बाद मायादेवी को छुट्टी दे दी गई, जबकि नंदिनी का इलाज अभी भी जिला अस्पताल में जारी है।कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी समर बहादुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
