बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, उपहार पाकर खिले चेहरे
सोशल मीडिया पर छाई रक्षाबंधन की तस्वीरें, एक-दूसरे को दीं पर्व की शुभकामनाएं
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन महापर्व शुक्रवार को त्रिवेदीगंज क्षेत्र में हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
रक्षाबंधन को लेकर लोगों ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुभ मुहूर्त में बहनों ने सज-धजकर पूजा की थाल सजाई। थाल में राखी के साथ रोली, हल्दी, अक्षत, दीपक और मिठाई आदि रखी गई। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाया, आरती उतारी और दाहिने हाथ की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने बहनों को उपहार प्रदान कर सदैव उनकी रक्षा और सम्मान का वचन दिया।
पर्व को लेकर शुभ मुहूर्त का भी विशेष महत्व रहा। शुक्रवार को राखी बांधने का शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक कुल 3 घंटे 51 मिनट रहा, जबकि अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:56 बजे से 12:48 बजे तक रहा। शुभ मुहूर्त में बड़ी संख्या में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
रिश्तों में मिठास, चेहरों पर दिखी खुशी
रक्षाबंधन के अवसर पर परिवारों में विशेष चहल-पहल रही। दूर-दराज से बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचीं तो कई भाई भी बहनों से राखी बंधवाने के लिए उनके घर पहुंचे। राखी बांधने के बाद मिठाई खिलाने और उपहार देने का सिलसिला देर तक चलता रहा। इस दौरान बुजुर्गों ने भाई-बहनों को आशीर्वाद दिया तो बच्चों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं भाई-बहन की तस्वीरें
रक्षाबंधन की खुशियों की झलक सोशल मीडिया पर भी खूब देखने को मिली। भाई की कलाई पर राखी बांधती बहनों और बहनों को उपहार देते भाइयों की तस्वीरें दिनभर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होती रहीं। लोगों ने पोस्ट और तस्वीरों के माध्यम से एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का रंग दिखाई दिया।
रक्षाबंधन पर्व के मौके पर मंजू शर्मा, धारा लक्ष्य समाचार पत्र के डायरेक्टर कुलदीप शर्मा (के.के.), सीमा शर्मा, धारा लक्ष्य समाचार की संपादक राधा देवी, संपादकीय टीम के लेखक सुनील बाजपेई, प्रधान सम्पादक सुधीर शर्मा, अतुल शर्मा, खुशी शर्मा, नीलू, हिमांशु शर्मा, रवि यज्ञसेनी, डाली यज्ञसेनी, ऋचा शर्मा, नीलू शर्मा,अंकित मिश्रा , सहित क्षेत्र के तमाम लोगों ने पर्व की खुशियां साझा कीं। बुजुर्गों से लेकर छोटे बच्चों तक सभी में रक्षाबंधन को लेकर उत्साह और उमंग नजर आई।
रक्षाबंधन ने एक बार फिर भाई-बहन के उस पवित्र रिश्ते की याद दिलाई, जिसमें प्रेम के साथ विश्वास, जिम्मेदारी और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प जुड़ा होता है। पूरे क्षेत्र में पर्व शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
